नई दिल्ली: भारतीय वायु सेना से एयर वाइस मार्शल के पद से सेवानिवृत्त हुए संदीप रावत ने रिटायरमेंट के बाद अपने संगीत प्रेम को नया आयाम देते हुए नीलू म्यूज़िक स्टूडियो की स्थापना की। इसी बैनर तले रिलीज़ हुआ नया रोमांटिक गीत ‘असर ये तेरा’ इन दिनों दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। इससे पहले स्टूडियो का गीत ‘यारा तेरी सौ’, जिसे बॉलीवुड पार्श्वगायक शाहिद माल्या ने आवाज़ दी थी, भी श्रोताओं द्वारा सराहा गया था।
‘असर ये तेरा’ को बॉलीवुड के लोकप्रिय पार्श्वगायक अमित मिश्रा और नीलू रावत ने अपनी आवाज़ दी है। गीत का निर्देशन जे. प्रकाश ने किया है। उनके अनुसार यह एक भावनात्मक रोमांटिक गीत है, जिसमें दोनों गायकों की आवाज़ एक अलग ही एहसास पैदा करती है।
संदीप रावत का कहना है कि नीलू म्यूज़िक स्टूडियो का उद्देश्य ऐसे गीत तैयार करना है, जिनके बोल अर्थपूर्ण हों और धुनें लंबे समय तक श्रोताओं के दिलों में बनी रहें। उनके अनुसार स्टूडियो किसी एक शैली तक सीमित नहीं है और रोमांटिक, भक्ति, लोक, रैप, डांस तथा समकालीन संगीत सहित विभिन्न शैलियों में संगीत प्रस्तुत करने की योजना पर काम कर रहा है।

गायिका नीलू रावत बताती हैं कि संगीत उनके जीवन का हमेशा से अभिन्न हिस्सा रहा है। उन्होंने औपचारिक संगीत शिक्षा नहीं ली, लेकिन बचपन से ही गायन का शौक था, जो उन्हें अपने पिता से विरासत में मिला। वर्षों तक उन्होंने सरकारी कार्यक्रमों, सामाजिक आयोजनों और पारिवारिक समारोहों में प्रस्तुति दी। सेवानिवृत्ति के बाद परिवार और मित्रों के प्रोत्साहन से उन्होंने अपने इस जुनून को पेशेवर रूप देने का निर्णय लिया।
संदीप रावत ने बताया कि संगीत उनके जीवन का पुराना शौक रहा है, लेकिन अब उन्हें इसे गंभीरता से आगे बढ़ाने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि नीलू म्यूज़िक स्टूडियो के माध्यम से वे न केवल यादगार गीत बनाना चाहते हैं, बल्कि नए और प्रतिभाशाली कलाकारों को भी मंच उपलब्ध कराना चाहते हैं। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि भविष्य में फीचर फिल्मों के निर्माण की दिशा में भी काम करने की योजना है।
‘असर ये तेरा’  ‘ यारा तेरी सौ ‘ के साथ नीलू म्यूज़िक स्टूडियो ने अपने संगीत सफर को आगे बढ़ाया है और आने वाले समय में विभिन्न संगीत शैलियों में नए प्रोजेक्ट्स लाने की तैयारी कर रहा है।

 

एयर वाइस मार्शल से म्यूज़िक प्रोड्यूसर बने संदीप रावत, नीलू रावत और अमित मिश्रा का ‘असर ये तेरा’ जीत रहा दिल